इमली खेड़ा।
नगर पंचायत इमली खेड़ा में श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क को लेकर एक बार फिर नाराज़गी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की पैमाइश पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया, जिससे विधायक हाजी फुरकान अहमद की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी अत्यंत आवश्यक और संवेदनशील जगह तक पहुंचने के लिए आज भी लोगों को टूटी-फूटी पगडंडी और कीचड़ से गुजरना पड़ता है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे अंतिम संस्कार जैसे समय में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जनता पूछ रही है कि
👉 जब पैमाइश हो चुकी है, तो सड़क निर्माण में देरी क्यों?
👉 क्या यह प्रशासनिक ढिलाई है या जनप्रतिनिधियों की उदासीनता?

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि चुनाव के समय विकास को लेकर बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर काम दिखाई नहीं देता। लोगों का कहना है कि यदि पैमाइश जैसी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो फिर निर्माण कार्य शुरू न होना समझ से परे है।
अब इमली खेड़ा की जनता विधायक हाजी फुरकान अहमद से स्पष्ट जवाब चाहती है कि श्मशान घाट की सड़क कब बनेगी और देरी के लिए कौन जिम्मेदार है। लोगों ने प्रशासन से भी मांग की है कि मामले की स्थिति सार्वजनिक की जाए, ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।




