आज स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य गिरीश उनियाल, एडमिन ऑफिसर रोहित बिजलवान, समन्वयक राजेश नौटियाल एवं रतन रॉय द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा पूज्य स्वामी जी, मां सरस्वती एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रणति एवं श्रीमती आकृति द्वारा अत्यंत प्रभावशाली और सुसंगठित रूप से किया गया।
कार्यक्रम में मीना नौटियाल ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व एवं उनके बाल-प्रेम पर प्रकाश डालते हुए बाल दिवस के महत्व को स्पष्ट किया।
इसके बाद शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत किया गया रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत मनोरंजक और उत्साहवर्धक रहा। नृत्य, गीत-संगीत और लघु प्रस्तुतियों ने बच्चों का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य गिरीश उनियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में प्रेम, सौहार्द, अनुशासन और निरंतर सीखते रहने के महत्व पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। उन्होंने बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्र बताए और उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील तथा आत्मविश्वासी नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
अंत में, प्रधानाचार्य गिरीश उनियाल ने विद्यार्थियों को मिठाई वितरण कर बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं, जिससे बच्चों में अपार उत्साह और खुशी का वातावरण बन गया।




