“टटिहरी” गाने पर बढ़ा विवाद, महिला आयोग ने लिया सख्त संज्ञान; बादशाह को नोटिस जारी
चंडीगढ़। विवादित “टटिहरी” गाने को लेकर हरियाणा में विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपों के बीच हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने गाने से जुड़े मशहूर रैपर Badshah को नोटिस जारी किया है और 13 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग ने इस संबंध में पानीपत पुलिस के माध्यम से पुलिस अधीक्षक पानीपत को निर्देश जारी किए हैं कि शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों की उपस्थिति 13 मार्च को आयोग के सामने सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे मामले की सुनवाई की जा सके। आयोग का कहना है कि समाज में बढ़ रही नाराजगी और लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
दरअसल, “टटिहरी” गाने को लेकर हरियाणा के कई सामाजिक संगठनों और आम लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। प्रदेश की कई खाप पंचायतों, अध्यापक संगठनों, सरपंचों और किसान संगठनों ने भी गाने के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन संगठनों का आरोप है कि गाने के बोल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं।
विरोध कर रहे संगठनों ने महिला आयोग और प्रशासन को कई ज्ञापन सौंपे हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार के गानों पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की सामग्री समाज में न फैले। कई समाजसेवियों ने भी सार्वजनिक रूप से गाने की आलोचना करते हुए इसे तुरंत हटाने की मांग की है।
इधर, महिला आयोग का कहना है कि शिकायतों और विरोध को गंभीरता से लिया जा रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर हरियाणा में सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर भी बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं बड़ी संख्या में लोग इसे सामाजिक मूल्यों और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं।
आयोग की 13 मार्च को होने वाली सुनवाई पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, जहां यह तय होगा कि विवादित गाने को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।




