उत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

कलियर में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद! DM के आदेशों को ठेंगा दिखाकर बाजूहेड़ी में धड़ल्ले से चल रहा अवैध खनन

कलियर में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद! DM के आदेशों को ठेंगा दिखाकर बाजूहेड़ी में धड़ल्ले से चल रहा अवैध खनन

 

रुड़की/कलियर। हरिद्वार जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन भले ही सख्ती के दावे कर रहा हो, लेकिन कलियर थाना क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव में खनन माफियाओं के हौसले सातवें आसमान पर दिखाई दे रहे हैं। यहां अवैध खनन का कारोबार खुलेआम जारी है और खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना किसी डर के सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा है। जिलाधिकारी द्वारा खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद बाजूहेड़ी में हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात मिट्टी और खनिज सामग्री का अवैध उठान किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

 

क्षेत्रवासियों का कहना है कि भारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही से ग्रामीण मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। धूल और शोर से लोगों का जीना दूभर हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

 

मौके से सामने आई तस्वीरें साफ संकेत दे रही हैं कि अवैध खनन का कारोबार किस तरह बेखौफ होकर संचालित किया जा रहा है। तस्वीरों में खनन सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली खुलेआम फर्राटा भरते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर खनन माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है और कार्रवाई करने वाली एजेंसियां कब जागेंगी?

 

अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी आदेशों की गरिमा बनी रहे और क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लग सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button