उत्तराखंड

सुल्तानपुर एवं लक्सर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

 

सुल्तानपुर एवं लक्सर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के सुल्तानपुर एवं लक्सर क्षेत्र से प्राप्त लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ड्रग इंस्पेक्टर मेघा द्वारा शुक्रवार को दोनों क्षेत्रों के दर्जनों मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।

 

ड्रग इंस्पेक्टर मेघा ने बताया कि उक्त क्षेत्रों से लंबे समय से दवाओं की बिक्री एवं संचालन से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके दृष्टिगत यह निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ मेडिकल स्टोर संचालक निरीक्षण के समय अपने स्टोर बंद कर मौके से चले गए। ऐसे मामलों में लगभग 06 मेडिकल स्टोरों को ताला बंद कराया गया। इसके अतिरिक्त लक्सर क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक विभागीय निरीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के उपरांत ही अपने स्टोर पुनः खोल सकेंगे। साथ ही सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में एक्सपायरी दवाइयों का भंडारण अथवा विक्रय न किया जाए।

ड्रग इंस्पेक्टर ने चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि नियमों का उल्लंघन या एक्सपायरी दवाइयों का भंडारण पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के अंतर्गत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ड्रग विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button