उत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

सैनी महापंचायत संगठन ने मेधावी छात्रों का किया भव्य सम्मान, जिले व प्रदेश में लहराया परचम

 

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सैनी महापंचायत संगठन उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने चौधरी बालचंद सैनी इंटर कॉलेज, ढंडेड़ी ख्वाजगीपुर पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रबंधक जसबीर सिंह सैनी से भेंट कर विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया और मिठाई खिलाकर सभी को बधाई दी।

इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में कॉलेज की प्रतिभाशाली छात्रा तनिशा ने प्रदेश में चौथा स्थान तथा हरिद्वार जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं छात्र काकुन सैनी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में आठवां और प्रदेश में 16वां स्थान हासिल किया।

हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में आयुषी सैनी और तन्नु ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिससे विद्यालय का परिणाम और अधिक गौरवपूर्ण रहा।

कॉलेज प्रबंधन यशवीर सैनी और संगीता सैनी ने बताया कि यह सफलता शिक्षकों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 127 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाया है।

सैनी महापंचायत संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंकित सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इसी तरह निरंतर मेहनत करते रहें और उच्च शिक्षा एवं सरकारी सेवाओं में स्थान प्राप्त कर अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश सचिव मांगे राम सैनी, जिला महासचिव शिवकुमार सैनी, हरीश सैनी, सचिन सैनी, विशाल सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button