इमली खेड़ा चौकी क्षेत्र में ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
इमली खेड़ा चौकी पर जश्न-ए-ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर थाना अध्यक्ष पिरान कलियर रविंद्र कुमार द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दोनों समुदायों की एक संयुक्त बैठक बुलाई गई। इस बैठक में दोनों समुदायों के जिम्मेदार नागरिकों ने भाग लिया और अपने-अपने विचार साझा किए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जुलूस बाबा भूरे साह जी की मजार से शुरू होकर कब्रिस्तान के पास वाली रोड से होते हुए, शिव मंदिर और सैनी चौक से गुजरते हुए कलियर शरीफ पहुंचेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार का रास्ता बाधित नहीं किया जाएगा।
थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने सभी से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की और स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने वाले या किसी प्रकार के असामाजिक तत्वों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुस्लिम समाज की ओर से यह सहमति दी गई कि शिव मंदिर से 20 मीटर पहले डीजे को बंद कर दिया जाएगा और 20 मीटर मंदिर पार करने के बाद ही डीजे को पुनः शुरू किया जाएगा। इस समझौते को दोनों समुदायों ने सहर्ष स्वीकार किया।
इस अवसर पर चेयरमैन मनोज सैनी, चौकी प्रभारी उमेश कुमार, एवं गांव के अन्य जिम्मेदार लोग भी उपस्थित रहे।




