उत्तराखंड

श्रीनगर में नव चयनित प्राथमिक शिक्षकों को मिलेगा नियुक्ति पत्रः डाॅ. धन सिंह रावत*

 

प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित शेष प्राथमिक शिक्षकों को 21 फरवरी शनिवार को श्रीनगर में नियुक्ति पत्र दिये जायेंगे। गढ़वाल मंडल के अंतर्गत चयनित लगभग 100 शिक्षकों को विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत के हाथों नियुक्ति पत्र सौंपे जायेंगे। इसके लिए विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर दी गई है। 

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा विभाग के द्वारा प्रदेश के 11 जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 1670 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। विभागीय काउंसिलिंग के उपरांत विज्ञापित पदों के सापेक्ष 1168 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। जिसमें 1018 चयनित अभ्यर्थियों को गत माह देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों नियुक्ति पत्र वितरित किये गये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि उक्त भर्ती के तहत गढ़वाल मंडल के अंतर्गत नियुक्ति पत्र पाने से रह गये लगभग 100 चयनित शिक्षकों को 21 फरवरी (शनिवार) को राजकीय बालिका इंटर काॅलेज श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किये जायेंगे। जिसमें पौड़ी जनपद में 55 प्राथमिक शिक्षक, टिहरी 19, उत्तरकाशी 5 तथा देहरादून के 4 नव चयनित प्राथमिक शिक्षक शामिल है। 

 

शिक्षा मंत्री डा. रावत ने कहा कि सभी नव नियुक्त शिक्षकों को संबंधित जनपदों के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रथम तैनाती दी जाएगी, जिससे दूरदराज क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी दूर होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी। उन्होंने नव चयनित शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए उम्मीद जताई कि चयनित प्राथमिक शिक्षा पूरी निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देंगे साथ ही प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अपनी अहम भूमिका निभायेंगे। 

 

*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button