कलियर विधानसभा प्रभारी मुनीश सैनी बने खिलाड़ियों की आवाज़: तालकटोरा स्टेडियम में उत्तराखंड का परचम लहराने वाले हरिद्वार के मार्शल आर्ट खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान
नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में उत्तराखंड के होनहार खिलाड़ियों ने ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि पूरे देश में प्रदेश का नाम गूंज उठा। हरिद्वार जनपद के खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में अपने जज्बे, मेहनत और अनुशासन का परिचय देते हुए दर्जनों स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का परचम लहराया।
इस ऐतिहासिक सफलता के बाद कलियर विधानसभा प्रभारी मुनीश सैनी ने खिलाड़ियों से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से सीधे संवाद किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह केवल मेडल जीतने की बात नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा और मेहनत की पहचान है।
मुनीश सैनी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित किया है, जो पूरे कलियर विधानसभा और हरिद्वार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने घोषणा की कि प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को जल्द ही सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा।
इतना ही नहीं, मुनीश सैनी ने खिलाड़ियों को यह भी आश्वासन दिया कि उनकी उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात कराई जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को सरकार स्तर पर भी सहयोग, प्रोत्साहन और भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुनीश सैनी ने कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कलियर विधानसभा हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगी और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज के ये खिलाड़ी कल देश का नाम रोशन करने वाले चैंपियन बनेंगे।
इस घोषणा के बाद खिलाड़ियों और उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने कलियर विधानसभा प्रभारी मुनीश सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे नेतृत्व से खिलाड़ियों का मनोबल और मजबूत होता है।
हरिद्वार के इन जांबाज़ खिलाड़ियों की यह जीत आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है और एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है।




