देहरादून। सांसद हरिद्वार एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने हाल ही में सहस्त्रधारा क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित ग्राम मजाडा एवं कार्लीगार्ड का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने आपदा पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याओं को निकट से जाना और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में शीघ्रतम एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सांसद रावत ने प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित कर उन्हें संबल प्रदान करने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार को हर संभव सहयोग समय पर मिलेगा ताकि वे जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
उन्होंने विशेष रूप से मजाडा निवासी स्व. अंकित जी (पुत्र श्री मोहर सिंह जी) के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर प्रकार की आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान ईश रिजॉर्ट में ठहराए गए आपदा प्रभावित क्षेत्रवासियों से भी मुलाकात कर उनके दुख-दर्द को साझा किया।
इस मौके पर अस्थल क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य श्री बीर सिंह चौहान, काल्डीर्गाड के प्रधान श्री राकेश जवाड़ी, ग्राम प्रधान श्री संजय राणा, श्री सिंह पयाल, श्री सागर पवार, श्री सचिन थापा सहित श्री रमेश चमोली, श्री देवेंद्र चमोली, श्री शुभम पवार, श्रीमती सुमन कोठारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सांसद श्री रावत जी ने कहा कि यह संकट की घड़ी केवल प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि हम सबकी है। केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।




