रुड़की – बिजली चोरी के खिलाफ UPCL ने अब तक की सबसे सख्त और बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। रूड़की के झबरेड़ा और मंगलौर क्षेत्र में विभाग की संयुक्त टीम ने एक साथ कई गांवों में दबिश दी जिससे अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली जलाने वालों में अफरा-तफरी मच गई।झबरेड़ा क्षेत्र के बेहेडकी, खाताखेड़ी,झबरेड़ी कला और खजूरी गांव में जब टीम पहुंची तो कई घरों में चोरी की बिजली का खुलासा हुआ। वहीं मंगलौर क्षेत्र के टांडा भनेड़ा,नारसन कला और मंगलौर टाउन में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान कुल 46 ग्रामीण बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए जबकि 4 उपभोक्ताओं के मीटर भारी बकाया होने के कारण मौके पर ही उतार दिए गए। इस बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व झबरेड़ा SDO मोहम्मद रिजवान और मंगलौर SDO अनुभव सैनी ने किया। एसडीओ मंगलौर अनुभव सैनी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन लोगों के कनेक्शन बकाया में कटे थे उनकी लिस्ट तैयार कर ली गई है। अब उनके खिलाफ RC की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील करी कि समय रहते अपना बकाया जमा करें। विभाग ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि कनेक्शन कटने के बाद दोबारा चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




