रुड़की। भारतीय महाविद्यालय, बेडपुर पिरान कलियर, रुड़की में आज दीक्षारंभ समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 शुरुआत को औपचारिक रूप से चिह्नित करना और विद्यार्थियों को प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अभिभावकों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ किया गया। तत्पश्चात स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपने सुर और ताल से वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
मुख्य अतिथि और वक्तव्य
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ.कविता सैनी ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाया। कॉलेज के प्रभारी लवप्रीत सिंह ने अपने संबोधन में नए छात्रों का हार्दिक स्वागत किया और उन्हें संस्थान की गौरवशाली परंपरा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनना है।

कॉलेज अकादमिक प्रभारी डॉ मनीषा जदली एवं समारोह के संचालन में श्रीमति अंजु सैनी और समारोह आयोजन में समस्त कॉलेज स्टाफ शालू सैनी, शेखर, अनुपम, अंकुर, नीरज सैनी, आशु सैनी, मीरा सैनी, संजना, आशा प्रजापति, का विशेष योगदान रहा। सभी संकाय सदस्यों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया। विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने नए छात्रों को अपने-अपने विषयों की जानकारी दी और आने वाले सत्र के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने न केवल सक्रिय भागीदारी की बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय भी दिया। नए छात्रों ने वरिष्ठ छात्रों से परिचय प्राप्त किया और कॉलेज जीवन की नई यात्रा आरंभ करने के प्रति अपनी उत्सुकता व्यक्त की।

अंत में, अकादमिक प्रभारी डॉ मनीषा जदली द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला, जिसमें नए शैक्षणिक सत्र की एक सकारात्मक और प्रेरणादायी शुरुआत हुई l




