कलियर क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार, 80 सोलर लाइटों की बड़ी सौगात
पिरान कलियर/रुड़की। कलियर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज़ी देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रत्याशी मुनीश कुमार सैनी के प्रस्ताव पर हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 80 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की स्वीकृति प्रदान की है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को सुरक्षा व सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।
बताया गया है कि पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के करीब 28 गांवों में चरणबद्ध तरीके से सोलर लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कों पर भी सोलर लाइट लगाने की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे रात्रि के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा।
मुनीश कुमार सैनी ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। केंद्र सरकार व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में बिजली, सड़क, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उनकी टीम लगातार कार्य कर रही है।
साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र में जल्द ही निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के पास ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

स्थानीय लोगों ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि सोलर लाइट लगने से गांवों की गलियां और मुख्य मार्ग रोशन होंगे, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा भी बढ़ेगी और क्षेत्र का समग्र विकास तेज़ होगा।
कलियर क्षेत्र के विकास की यह पहल आने वाले समय में पूरे इलाके के लिए एक नई मिसाल बनेगी।




