रिपोर्ट शुभम चौधरी
कल्चर डिपार्टमेंट ऑडिटोरियम, हरिद्वार बाईपास, देहरादून में ह्यूमैनिटी सोशल ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक रजत कुमार के नेतृत्व में संस्था के सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह एवं सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश से आए विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए सभी को निस्वार्थ भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने ह्यूमैनिटी सोशल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्य मंत्री मधु भट्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल तथा टिहरी लोकसभा सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व सैनिक विनोद खंडूरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्था की सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा की तथा समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाकर उनका सम्मान करना, आपसी समन्वय एवं सहयोग को बढ़ावा देना तथा समाज सेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाना था। इस अवसर पर उत्कृष्ट सामाजिक योगदान देने वाले अनेक समाजसेवियों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
रोड समाज के लिए यह समारोह विशेष रूप से गौरवपूर्ण रहा। उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश से पहुंचे रोड समाज के अनेक प्रतिष्ठित सदस्यों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में रोड धर्मशाला हरिद्वार के पूर्व प्रधान सेवाराम रोड, वरिष्ठ भाजपा नेता धीर सिंह रोड, अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल स्वर्ण पदक विजेता चैंपियन सूरज रोड, पत्रकार शुभम चौधरी,रोड धर्मशाला हरिद्वार के सहसचिव एडवोकेट अंकित चौधरी, युवा भाजपा नेता चंचल चौधरी, रोड धर्मशाला हरिद्वार के सचिव सुरेश रोड, जोगिंदर रोड, अवनीश रोड (सहारनपुर), नरेश पाल रोड (सहारनपुर), राजू रोड, प्रदीप चौधरी (देहरादून), राजपाल चौधरी (देहरादून), अंकुर रोड तथा जितेंद्र मुखिया भौरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी सम्मानित व्यक्तियों के सामाजिक, शैक्षिक एवं जनहित के कार्यों की अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक, संगीतकार एवं गीतकार सौरव मैठाणी की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने मधुर लोकगीतों से पूरे सभागार को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया और उपस्थित अतिथियों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
अंत में आयोजक रजत कुमार ने सभी मुख्य अतिथियों, सम्मानित समाजसेवियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा के इस अभियान को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।




