Blogउत्तराखंडदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

नगर पंचायत इमलीखेड़ा में शिक्षा के मंदिर पर लगा दाग! शिव बाबा इंटर कॉलेज के प्रबंधक रविंद्र कुमार गिरफ्तार, फर्जी मार्कशीट प्रकरण में पुलिस का बड़ा एक्शन

 

 हरिद्वार जिले की नगर पंचायत इमलीखेड़ा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर पंचायत इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर-03 स्थित शिव बाबा इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार करने के मामले में रुड़की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल मची हुई है।

जिस विद्यालय को बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है, उसी विद्यालय के प्रबंधक पर दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट में कथित छेड़छाड़ कर फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर विद्यार्थियों के नाम बदले जाते थे और उनके आधार पर फर्जी अंकतालिकाएं एवं स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) तैयार किए जाते थे।

मृतक की नौकरी और पेंशन हासिल करने के कथित प्रयास से जुड़ा मामला

 

पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के कथित प्रयास से जुड़ा हुआ है। 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के स्थापना खंड के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने सिविल लाइन कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में संदीप कुमार और सपना देवी पर फर्जी शैक्षिक दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों के शैक्षिक रिकॉर्ड और अलग-अलग विद्यालयों के दस्तावेजों का मिलान किया गया। इसी दौरान कई ऐसी अनियमितताएं सामने आईं, जिनसे पूरे मामले की परतें खुलने लगीं।

 

दसवीं में असफल होने के बाद दस्तावेजों में मिली गड़बड़ी

 

पुलिस जांच में पता चला कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी से दसवीं की परीक्षा दी थी, लेकिन दोनों असफल रहे थे। इसके बाद उन्होंने दूसरे विद्यालय में प्रवेश लिया। वर्ष 2015 में संदीप कुमार ने दसवीं की परीक्षा पास की, जबकि सपना देवी असफल रही।

 

इसके अलावा संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की नौवीं कक्षा की मार्कशीट भी जांच में संदिग्ध पाई गई। विद्यालयों के पुराने रिकॉर्ड और प्रमाण-पत्रों का मिलान करने पर कई महत्वपूर्ण विसंगतियां सामने आईं।

 

दो अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा करने का आरोप

 

पुलिस का आरोप है कि शिव बाबा इंटर कॉलेज के प्रबंधक रविंद्र कुमार ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर विद्यालय के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की और दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलते हुए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। मामले में वर्ष 2009 के दस्तावेजों में भी कूटरचना किए जाने का आरोप सामने आया है।

 

पुलिस ने रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार, निवासी ग्राम माजरी, थाना पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

 

अब पुलिस की जांच पर टिकी क्षेत्रवासियों की निगाहें

 

इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर-03 स्थित शिव बाबा इंटर कॉलेज के प्रबंधक की गिरफ्तारी के बाद अब कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर फर्जी मार्कशीट तैयार करने का यह कथित खेल कब से चल रहा था? दूसरे विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों में छेड़छाड़ कैसे की गई? इस पूरे मामले में और कौन-कौन शामिल है? क्या इन दस्तावेजों का इस्तेमाल अन्य जगहों पर भी किया गया?

इन सवालों के जवाब पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल इस कार्रवाई ने इमलीखेड़ा ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस कथित फर्जीवाड़े से जुड़े और कितने नाम सामने आते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button