उत्तराखंडकोटद्वारदेहरादूनरूडकीहरिद्वार

कुंभ-2027 की तैयारियां तेज: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनेगा विशेष प्लान

 

 

मेलाधिकारी सोनिका, कुंभ आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ किया संयुक्त निरीक्षण, मॉक ड्रिल से परखी जाएंगी भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं

 

हरिद्वार, 13 नवंबर। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। श्रद्धालुओं को स्टेशन पर किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रवेश से लेकर निकास तक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

 

इसी कड़ी में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों ने कुंभ मेले के दौरान संभावित यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

 

भीड़ नियंत्रण के लिए होंगे अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग

 

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित किए जाएं। इसके साथ ही अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक निकास और प्रस्थान व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ का अनावश्यक दबाव न बने और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बना रहे।

 

मॉक ड्रिल से परखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था

 

कुंभ मेला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखते हुए मॉक ड्रिल के माध्यम से उनकी व्यावहारिक जांच करने पर विशेष जोर दिया। आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षित निकासी, पर्याप्त निकास मार्ग, सुरक्षा प्रबंध और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

 

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष जोर

 

स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया, जिससे सड़कों पर वाहनों की अनावश्यक पार्किंग न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय को यात्रियों की संख्या के अनुरूप व्यवस्थित करने की योजना बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

अधिकारियों ने कहा कि कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे और मेला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। निरीक्षण में सामने आए सुझावों के आधार पर रेलवे अपनी कार्ययोजना को जल्द अंतिम रूप देगा। इसके बाद मेला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

 

इस संयुक्त निरीक्षण से साफ है कि कुंभ-2027 को लेकर प्रशासन अभी से व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुट गया है, ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

 

निरीक्षण के दौरान रेलवे, मेला प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के अनेक

वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button