उत्तराखंडदेहरादूननगर पंचायत इमली खेड़ारूडकीहरिद्वार

फीनिक्स यूनिवर्सिटी में खेलों का महाकुंभ, माउंट लिट्रा जी और मॉन्टफोर्ट स्कूल बने चैंपियन

 

रुड़की/इमलीखेड़ा। फीनिक्स यूनिवर्सिटी, इमलीखेड़ा रुड़की में खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के तत्वावधान में तृतीय अंडर-16 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट एवं प्रथम अंडर-18 इंटर स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्रथम नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के लगभग 14 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। क्रिकेट और वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में बालक वॉलीबॉल का खिताब माउंट लिट्रा जी स्कूल रुड़की ने जीता, जबकि अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की चैंपियन बना।

 

खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम : मनोज सैनी

मुख्य अतिथि प्रथम नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़कर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।

फीनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन चिरव जैन ने कहा कि विश्वविद्यालय में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन गर्व की बात है। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच मिलता है। विशिष्ट अतिथि कृष्ण कुमार गौतम ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

 

बालक वॉलीबॉल में माउंट लिट्रा जी स्कूल ने जीता खिताब

अंडर-18 वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में माउंट लिट्रा जी स्कूल ने स्कॉलर एकेडमी रुड़की को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में वासुदेव लाल मैथिल सरस्वती विद्या मंदिर ने चंद्रा स्कूल को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में माउंट लिट्रा जी स्कूल रुड़की ने शानदार खेल दिखाते हुए वासुदेव लाल मैथिल सरस्वती विद्या मंदिर को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।

बालिका वॉलीबॉल में स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय प्रथम

 

बालिका वर्ग में स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय रुड़की ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरिओम सरस्वती स्कूल धनोरी दूसरे स्थान पर रहा, जबकि दून पब्लिक स्कूल रुड़की की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

 

क्रिकेट में मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की का शानदार प्रदर्शन

अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की ने माउंट लिट्रा जी स्कूल को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दून पब्लिक स्कूल ने एसएनडीके पब्लिक स्कूल को पराजित किया।

फाइनल मुकाबले में दून पब्लिक स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की की टीम ने मात्र तीन ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत के साथ क्रिकेट चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।

 

खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के चेयरमैन चैंपियन सुनील जैन ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, मेहनत, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं। ट्रस्ट की ओर से रचना देवी ने भी कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने तथा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

 

प्रतियोगिता में शेफील्ड स्कूल रुड़की, नेचर इंटरनेशनल स्कूल, हरिओम सरस्वती स्कूल धनोरी, स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय रुड़की, दून पब्लिक स्कूल, मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की, स्कॉलर एकेडमी रुड़की, माउंट लिट्रा जी स्कूल और एसएनडीके पब्लिक स्कूल सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।

 

इस अवसर पर कोच प्रियांशु चौधरी, अमानुल्लाह, सैम अली, रिहान, रामवीर, अनमोल चौधरी, अभिषेक चौधरी, राजकुमार, सुमित शर्मा, सेमंत बिष्ट सहित अनेक खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के माध्यम से बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करना रहा। आयोजन के सफल समापन पर खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button