भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डाडा जलालपुर में आज हुई भारी बारिश के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मुख्य मार्ग एवं आवासीय क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जलभराव के कारण लोगों के दैनिक आवागमन पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी रास्तों में जलभराव के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान यह समस्या हर वर्ष उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव हुआ था, जिसके बाद प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सुधार के आश्वासन दिए गए थे, किंतु स्थिति में कोई ठोस परिवर्तन दिखाई नहीं दे रहा है। आज की घटना ने क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों और जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की पोल खोल दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा भविष्य में स्थायी समाधान हेतु प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।




