उत्तराखंडदेहरादूननगर पंचायत इमली खेड़ारूडकीहरिद्वार

इमलीखेड़ा में बारिश बनी आफत: माजरी वार्ड 03पानी-पानी, घरों में घुसा पानी, सड़कें बनीं तालाब

  हरिद्वार  जिले की नगर पंचायत इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर-3 माजरी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीती रात से शुरू हुई तेज बारिश के बाद पूरा इलाका जलमग्न हो गया। कई घरों में पानी घुस गया है, जबकि सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं। लोगों को घरों से निकलने तक में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है और खेतों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है, वहीं नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया, जिससे पूरे वार्ड में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।

 

मौके के वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंसकर गुजरने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। घरों में पानी भरने से घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

 

ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने, बंद नालों की सफाई कराने और भविष्य में स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

 

मौसम विभाग ने भी अगले कुछ घंटों तक जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। अब लोगों की निगाहें नगर पंचायत प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button