रुड़की। शहर के दून पब्लिक स्कूल में तृतीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर अंडर-17 शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक जहीर अहमद एवं प्रधानाचार्य गौरव शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन कराया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शोभाराम प्रजापति एवं एस.के. गुप्ता (अध्यक्ष, हरिद्वार विश्वविद्यालय) उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा और उत्तरकाशी सहित आठ जिलों की टीमों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और मैदान रोमांचक मुकाबलों का साक्षी बना रहा।
बालक वर्ग के सेमीफाइनल में हरिद्वार और देहरादून के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में देहरादून ने उधम सिंह नगर को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में उधम सिंह नगर और हरिद्वार के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें उधम सिंह नगर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि मोहम्मद शहजाद ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सुभाष सैनी, जय भगवान सैनी, गौरव गोयल एवं रोमा सैनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल सहित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन की सफलता पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया।




