उत्तराखंड

मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के उपलक्ष्य में भाजपाईयों का भव्य जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन

 

हरिद्वार। धर्मनगरी की सड़कों पर उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब नगर विधायक मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन किया। यात्रा आर्य नगर चौक से प्रारंभ होते हुए हर की पौड़ी पर समाप्त हुई जहां गंगा पूजन किया गया और मां गंगा की आरती की गई। यात्रा की शुरुआत आर्य नगर चौक से हुई, जहां पहले से ही सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित होकर अपने नेता के स्वागत के लिए उत्साहित नजर आए। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच जब यात्रा आगे बढ़ी तो पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल बना रहा। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर मंत्री मदन कौशिक का अभिनंदन किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उनकी कैबिनेट में वापसी को लेकर क्षेत्र में व्यापक समर्थन और खुशी का वातावरण है।

यात्रा का मार्ग आर्य नगर चौक से शुरू होकर शंकर आश्रम, चंद्राचार्य चौक, ऋषिकुल, देवपुरा चौक, शिव मूर्ति, पोस्ट ऑफिस होते हुए हर की पौड़ी तक तय किया गया, जहां हर पड़ाव पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। पूरे रास्ते में फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के माध्यम से मदन कौशिक के प्रति लोगों का स्नेह और समर्थन देखने को मिला। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे और बैनर के साथ नारेबाजी करते हुए पूरे वातावरण को राजनीतिक ऊर्जा से भर दिया। कई स्थानों पर मंच बनाकर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय लोगों ने मंत्री को शुभकामनाएं दी। हर की पौड़ी पहुंचने पर यह यात्रा एक भव्य स्वागत समारोह में तब्दील हो गई, जहां श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर इस अवसर को यादगार बना दिया।

इस जन आशीर्वाद यात्रा में उनके साथ प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रा के दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मदन कौशिक का कैबिनेट में शामिल होना हरिद्वार के लिए गर्व की बात है मदन कौशिक का अनुभव और उनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ आने वाले समय में प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि हरिद्वार की जनता का है, जिन्होंने हमेशा उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जो भरोसा उन पर जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के विकास को नई गति देना और जनता की समस्याओं का समाधान करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे प्रदेश के हर वर्ग के साथ मिलकर काम करेंगे और हरिद्वार को एक आदर्श शहर बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका उत्साह बढ़ाया।

हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने कहा कि पूरे आयोजन के दौरान जिस प्रकार कार्यकर्ताओं और जनता का उत्साह देखने को मिला, उसने यह साफ संकेत दिया कि मदन कौशिक की कैबिनेट में वापसी को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल है। आज की जन आशीर्वाद यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्र, पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष तरुण नायर,जिला अध्यक्ष ठाकुर सुशील चौहान, अनु कक्कड़ पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राजपूत,अर्जुन चौहान, मुनेश सैनी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button