रुड़की। वर्तमान परिस्थितियों में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट ने बुधवार को दीपाली गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने गैस सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, बुकिंग प्रणाली तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने एजेंसी में मौजूद अभिलेखों और वितरण प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान एजेंसी संचालक को निर्देश दिए गए कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर पारदर्शी एवं सुचारु रूप से गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार नजर बनाए हुए है और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।




