उत्तराखंड

इमली खेड़ा में सफाई व्यवस्था बदहाल, घटिया निर्माण ने खोली नगर पंचायत की पोल

 

नगर पंचायत इमली खेड़ा के वार्ड नंबर 8 एवं 9 के चौराहे पर सफाई व्यवस्था की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। गंदगी, अव्यवस्थित नालियां और टूटे निर्माण कार्यों से आम जनता परेशान है, जिससे नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सेनी चौक से आने वाले मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के समीप कुछ समय पूर्व एक चैंबर का निर्माण कराया गया था, लेकिन घटिया सामग्री और लापरवाही के चलते वह चैंबर कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त हो गया। वर्तमान स्थिति यह है कि चैंबर खुला और टूटा हुआ पड़ा है, जिससे राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में नगर पंचायत प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न तो चैंबर की मरम्मत कराई गई और न ही निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार से जवाब-तलब किया गया। इससे प्रशासन की लापरवाही और उदासीन रवैया साफ झलकता है।

स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि यदि नगर पंचायत को निर्माण कार्य की जानकारी है, तो घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना की जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने मांग की है कि सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, क्षतिग्रस्त चैंबर का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लग सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button