77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गांधी महिला शिल्प विद्यालय इंटर कॉलेज, रुड़की में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया और देश के प्रति अपनी आस्था, निष्ठा व समर्पण व्यक्त किया।

सांसद कल्पना सैनी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि तिरंगे की शान में लहराता हर रंग हमें हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र की एकता-अखंडता की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें हमारे संवैधानिक कर्तव्यों, अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नृत्य, गीत और नाट्य मंचन के माध्यम से छात्राओं ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

अंत में सांसद कल्पना सैनी ने सभी से एक सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखना ही सच्ची देशभक्ति है।




