उत्तराखंडरूडकीहरिद्वार

इमलीखेड़ा को 34 करोड़ की पेयजल योजना की ऐतिहासिक सौगात, हिंदू क्रांति दल की पूरी टीम, प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सैनी व पूर्व मंडल मंत्री भाजपा बसंत सैनी और अनूप सैनी ठेकेदार ने किया भव्य स्वागत

 

नगर पंचायत इमलीखेड़ा क्षेत्र के इतिहास में यह दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया। पिछले 15 वर्षों से भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे इमलीखेड़ा वासियों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। शासन द्वारा नगर पंचायत इमलीखेड़ा क्षेत्रांतर्गत समस्त 9 वार्डों के लिए 34 करोड़ रुपये की वृहद पेयजल योजना को वर्ल्ड बैंक योजना के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह योजना न केवल वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान करेगी, बल्कि इमलीखेड़ा को विकास की नई मुख्यधारा से जोड़ने वाली मील का पत्थर साबित होगी।

जैसे ही इस ऐतिहासिक योजना की स्वीकृति का समाचार क्षेत्रवासियों तक पहुँचा, पूरे इमलीखेड़ा में उत्सव का माहौल बन गया। नगर पंचायत कार्यालय पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच फूलमालाओं, मिठाइयों और नारों के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा कार्यक्रम में उमड़ पड़े।

इस अवसर पर हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सैनी के नेतृत्व में पार्टी की पूरी टीम विशेष रूप से मौजूद रही, जिसने अध्यक्ष मनोज सैनी का फूलमालाओं से स्वागत कर इस उपलब्धि को जनसंघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताया। साथ ही पूर्व मंडल मंत्री भाजपा बसंत सैनी ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी का स्वागत किया और इस योजना को इमलीखेड़ा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।

हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि इमलीखेड़ा वर्षों से पानी की विकराल समस्या से त्रस्त था, लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी ने इस मुद्दे को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपने जीवन का मिशन बना लिया। उन्होंने दिशा की बैठकों से लेकर शासन के उच्चस्तरीय मंचों तक लगातार इस गंभीर समस्या को मजबूती से उठाया। अर्जुन सैनी ने कहा कि यह योजना इमलीखेड़ा की जनता के संघर्ष, धैर्य और एकजुटता की जीत है।

पूर्व मंडल मंत्री भाजपा बसंत सैनी ने कहा कि यह योजना भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी सोच और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मनोज कुमार सैनी ने जिस लगन और निष्ठा के साथ इस मुद्दे को आगे बढ़ाया, उसी का नतीजा है कि आज इमलीखेड़ा को 34 करोड़ की पेयजल योजना मिली है।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड गठन के बाद से ही उन्होंने पेयजल समस्या को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से वे लगातार शासन और प्रशासन के सक्षम अधिकारियों से मिलकर इमलीखेड़ा की इस गंभीर समस्या को रख रहे थे। दिशा की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए वर्ल्ड बैंक योजना के अंतर्गत 34 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे इमलीखेड़ा की जीत है और इसके क्रियान्वयन पर वे स्वयं कड़ी निगरानी रखेंगे ताकि जनता को समय पर इसका लाभ मिल सके।

इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत क्षेत्रवासियों को 135 LPCD (लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन) के मानक के अनुसार शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। योजना का क्रियान्वयन पेयजल निगम हरिद्वार द्वारा किया जाएगा। इसके तहत सभी 9 वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, आधुनिक जल भंडारण टैंक बनाए जाएंगे और वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से हर घर तक पानी पहुँचाया जाएगा। इससे न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को भी ध्यान में रखते हुए सतत जल आपूर्ति संभव हो सकेगी।

योजना की स्वीकृति के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। बुजुर्गों ने इसे अपने जीवन की सबसे बड़ी सौगात बताया। महिलाओं ने कहा कि वर्षों से पानी की किल्लत के कारण उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, जो अब समाप्त होने जा रही है। युवाओं ने इसे इमलीखेड़ा के उज्ज्वल भविष्य की नींव करार दिया। व्यापारियों ने कहा कि इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर व्यापार मंडल इमलीखेड़ा के अध्यक्ष अश्वनी गोयल, फोनिक्स विश्वविद्यालय के अध्यक्ष चैरब जैन, पिंका लाल, महावीर मास्टर, राधेश्याम पाल, गुलबशर, रिहाना, फरजाना, फिरदौस, गुलिस्ता, पूनम, रजनी, हेमलता, सोमपाल प्रजापति, संदीप सैनी, मोहित सैनी, शोभाराम, ज्ञानचंद, सुभाष सैनी, सत्य प्रकाश, अर्जुन सैनी, अनुज पाल सहित हिंदू क्रांति दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

अंत में क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी के नेतृत्व में इमलीखेड़ा को उसका हक मिला है। लोगों ने कहा कि यह योजना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी वरदान साबित होगी और इमलीखेड़ा को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button