Blogउत्तराखंडहरिद्वार

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले स्ट्रीट फूड वेंडर्स खाद्य व्यवस्था की रीढ़, आत्मनिर्भर भारत के सहयोगी 

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले स्ट्रीट फूड वेंडर्स खाद्य व्यवस्था की रीढ़, आत्मनिर्भर भारत के सहयोगी 

 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि स्ट्रीट फूड वेंडर्स शहर की खाद्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। तथा आत्मनिर्भर भारत के सहयोगी है। उन्होंने स्वच्छता मानकों पर आधारित “सेवा भाव” को उजागर करते हुए कहा कि यदि वेंडर्स पूर्ण स्वच्छता मानकों के साथ शुद्ध भोजन तैयार करेंगे तो हरिद्वार से एक अच्छा संदेश देश-दुनिया तक जाएगा। प्रशिक्षण वेंडर्स को “स्वच्छता एम्बेसडर” बनाएगा, जिनका व्यवहार पूरे प्रदेश में अनुकरणीय होगा।

 

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण उत्तर क्षेत्र कार्यालय, गाज़ियाबाद ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड के सहयोग से ऋषिकुल परिसर के सभागार में स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए स्ट्रीट फूड प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 500 स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने इस कार्यशाला में प्रतिभाग किया। 

इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दीप प्रज्जवलित कर किया। 

 

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी वेंडर्स को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने, कार्यस्थल को स्वच्छ रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की शपथ दिलाई। इसी अवसर पर 5 वेंडर्स को ऑन-द-स्पॉट FoSTaC प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही, Lions Club हरिद्वार की टीम को उनके सहयोग हेतु सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में एफएसएसएआई के संयुक्त निदेशक अंकेश्वर मिश्र ने प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया।

विशिष्ट अतिथि मनीष कौशिक, सीएफएसओ हरिद्वार ने कहा कि कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उद्योग राज्य मंत्री श्यामवीर सिंह ने कहा, “स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है, और यह प्रशिक्षण वेंडर्स के लिए अत्यंत लाभकारी होगा।” स्ट्रीट फूड वेंडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने इसे सामूहिक सुधार का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

प्रशिक्षण सत्र में प्रीति त्रिपाठी एवं दिव्य कुमार दत्त ने वेंडर्स को सुरक्षित खाद्य संचालन, व्यक्तिगत स्वच्छता, जल एवं बर्तन सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन, उपभोक्ता सुरक्षा तथा कार्यस्थल की सफाई पर व्यावहारिक प्रदर्शन दिए। संचालन डॉ. अनुराग गुप्ता ने किया। 

 

ज्ञातव्य है कि FSSAI उत्तराखण्ड के तीन संसदीय क्षेत्रों — गढ़वाल, हरिद्वार एवं नैनीताल-उधमसिंह नगर — में करीब 3,000 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को स्वच्छता, हाइजीन और खाद्य सुरक्षा पर प्रशिक्षित कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button