गुम्मावाला, देहरादून — स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय, गुम्मावाला में आज उत्तराखंड राज्य स्थापना सप्ताह के अंतर्गत एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गिरीश चंद्र उनियाल, एडमिन ऑफिसर श्री रोहित बिजलवान एवं कोऑर्डिनेटर श्री राजेश नौटियाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर श्री राजेश नौटियाल एवं श्री नितेश मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड राज्य की स्थापना, उसके इतिहास एवं समृद्ध सांस्कृतिक विविधताओं से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और वेशभूषा प्रदर्शन सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें सभी ने सराहा।
प्रधानाचार्य श्री गिरीश चंद्र उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमें उत्तराखंड और देश के वीर सेनानियों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि जीवन में आने वाली किसी भी विपरीत परिस्थिति से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उसका साहसपूर्वक सामना करना चाहिए — यही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम का समापन AIM for Seva सेवा गीत और राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा।




